छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में बड़ी लापरवाही! सोशल मीडिया पर वायरल हुआ परीक्षा केंद्र का वीडियो

Major Negligence in Chhattisgarh Board Exams! Video of Exam Center Goes Viral on Social Media

महासमुंद। महासमुंद जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामला भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परीक्षा केंद्र का है, जहां एक छात्रा डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा हॉल में पहुंच गई और वीडियो रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया। जांच में केंद्र पर तैनात कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई। इसके बाद लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षक समेत कुल 5 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय भंवरपुर में बोर्ड परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान एक छात्रा नियमों को तोड़ते हुए परीक्षा कक्ष के अंदर डिजिटल कैमरा लेकर पहुंच गई। हैरानी की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी कर्मचारी ने छात्रा को नहीं रोका।
छात्रा ने परीक्षा हॉल के अंदर वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे।
मामले की जांच जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) महासमुंद द्वारा की गई। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में यह सामने आया कि परीक्षा केंद्र में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन नहीं किया। जांच में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में गंभीर लापरवाही पाई गई।
लोक शिक्षण संचालनालय ने इस मामले को गंभीर मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत कार्रवाई की है। विभाग का कहना है कि परीक्षा जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में इस तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
इन कर्मचारियों पर गिरी गाज
कार्रवाई के तहत पांच कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इनमें केंद्र अध्यक्ष गंगा प्रसाद पटेल, सहायक केंद्र अध्यक्ष अनिरूद्ध भोई और दिनेश कुमार दास, पर्यवेक्षक दुर्गाप्रसाद पटेल और नियमित भृत्य विजिया बुड़ेक शामिल हैं। जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय महासमुंद निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button