नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान किए जाने के कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हीट वेव से होने वाली मृत्यु दर को शून्य तक लाने की दिशा में काम कर रही है।
अमित शाह ने पिछले 20 वर्षों में साहस, समर्पण और परिश्रम से देश का विश्वास अर्जित करने पर एनडीआरएफ के सभी जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ ने 1.5 लाख से अधिक लोगों की जान बचाई है और 9 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ के जवानों को देखते ही लोगों के मन में सुरक्षा और भरोसे का भाव पैदा होता है।
गृह मंत्री ने कहा कि पहले आपदा प्रबंधन केवल राहत और प्रतिक्रिया आधारित था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे रिएक्टिव से आगे बढ़ाकर प्रिवेंटिव और प्रोडक्टिव बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण को ‘मिनिमम कैजुअल्टी’ से ‘जीरो कैजुअल्टी’ तक ले जाने का प्रयास कर रही है।
अमित शाह ने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी के 10-सूत्रीय एजेंडा और 360-डिग्री अप्रोच ने डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट को नई दिशा दी है। इसके तहत रिस्क मैपिंग, अर्ली वार्निंग सिस्टम, कम्युनिटी पार्टिसिपेशन और गाइडलाइंस निर्माण जैसे क्षेत्रों को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर आपदा प्रबंधन में निर्विवाद रूप से ‘ग्लोबल लीडर’ और ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ बनकर उभरा है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को धरातल पर उतारते हुए भारत ने कई देशों की आपदा के समय मदद की है।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से ‘डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर’ के क्षेत्र में भारत ने वैश्विक नेतृत्व स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि सीडीआरआई (Coalition for Disaster Resilient Infrastructure) से अब तक 48 देश जुड़ चुके हैं और भारत के साथ मिलकर इस दिशा में काम कर रहे हैं।
अमित शाह ने कहा कि एनडीआरएफ ने धराली में फ्लैश फ्लड, चासोटी में क्लाउडबर्स्ट, जम्मू, पंजाब और दिल्ली में आई बाढ़, साइक्लोन मोंथा और साइक्लोन दितवाह जैसी आपदाओं में प्रभावी ढंग से काम किया।
इसके अलावा अमरनाथ यात्रा, महाकुंभ, चारधाम यात्रा, मणि महेश यात्रा, सबरीमाला यात्रा और भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में भी एनडीआरएफ ने समाज के साथ मिलकर उत्कृष्ट कार्य किया।
गृह मंत्री ने देशभर के सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के जवानों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से अब तक CAPF जवानों ने देशभर में 7 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए हैं। उन्होंने इसे CAPFs के मानवीय दृष्टिकोण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रतीक बताया।
Leave a Reply




